बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में ‘हिंदी सप्ताह’ का साहित्यिक उत्सव: शब्दों से संस्कारों तक की साहित्यिक यात्रा

“भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, वह हमारी संवेदना, संस्कृति और संस्कारों की पहचान भी है।”

बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में हिंदी सप्ताह का आयोजन भाषा के प्रति प्रेम, साहित्य के प्रति अनुराग और सृजनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। सप्ताह भर विद्यालय का वातावरण हिंदी के शब्दों, भावों, विचारों और साहित्यिक रंगों से सराबोर रहा। हिंदी विभाग द्वारा आयोजित विविध गतिविधियों ने छात्राओं को न केवल भाषा के विविध आयामों से परिचित कराया, बल्कि उन्हें अपनी कल्पनाशक्ति, वाक्-कौशल और रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर भी प्रदान किया।

प्रातःकालीन सभा: साहित्य के सुरों से गूँजी हर सुबह
इस साहित्यिक उत्सव की गूँज विद्यालय की प्रातःकालीन सभा से ही सुनाई देने लगी थी। सप्ताह की शुरुआत नीति और ज्ञान के अनूठे मेल से हुई, जहाँ छात्राओं ने संत कबीर, तुलसी और रहीम के नीतिपरक दोहों का सस्वर वाचन कर वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

सभा के दौरान छात्राओं ने हिंदी भाषा के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्त्व पर अपने ओजस्वी विचार साझा किए और प्रेरणादायी कविताओं का पाठ किया। भाषा प्रश्नोत्तरी ने छात्राओं के हिंदी-ज्ञान को रोचक ढंग से परखा। मुहावरों पर आधारित कविता ने भाषा की चुटीली एवं सजीव अभिव्यक्ति से सभी को आकर्षित किया। इसके साथ ही छात्राओं ने हिंदी के सुप्रसिद्ध साहित्यकारों के जीवन और साहित्य से संबंधित संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत कर हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा से सभी को परिचित कराया।
इन प्रस्तुतियों ने प्रातःकालीन सभा को केवल सूचना का मंच न बनाकर ज्ञान, भाषा और साहित्य के जीवंत संगम में परिवर्तित कर दिया।

सृजन और चिंतन का मंच: रोचक गतिविधियाँ
सप्ताह भर विद्यालय परिसर में साहित्यिक कौशलों को परखने और निखारने वाली गतिविधियों का सुंदर समागम देखने को मिला।
कविता वाचन के दौरान जहाँ छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति, प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं को अपनी वाणी दी, वहीं ‘कहानी सुनाओ’ गतिविधि में अपनी कल्पनाशक्ति और जीवंत वाक-शैली से श्रोताओं को सम्मोहित कर दिया। विचारों की तात्कालिकता और वाकपटुता को परखने के लिए आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने तात्कालिक विषयों पर धाराप्रवाह और तार्किक विचार रखे। कहानी लेखन के माध्यम से नन्हीं कलमकारों ने अपनी कल्पना को पन्नों पर सजीव कर दिया।

विशेष रूप से, विचारों की सूक्ष्मता और जीवन-मूल्यों को जोड़ने के लिए ‘भाषा’ एवं ‘सत्संगति’ जैसे गूढ़ विषयों पर सूक्ति लेखन का आयोजन हुआ। छात्राओं ने अपनी गहरी सोच और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए इन दोनों विषयों पर ऐसी सारगर्भित और प्रभावशाली पंक्तियाँ रचीं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।

हिंदी सप्ताह का समापन भले ही एक आयोजन के रूप में हुआ हो, किंतु हिंदी के प्रति प्रेम और उसके संवर्धन का यह प्रयास निरंतर चलने वाली यात्रा है। विद्यालय का उद्देश्य केवल छात्राओं को हिंदी पढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसी सशक्त भाषा-संवेदना प्रदान करना है, जिसके माध्यम से वे अपने विचारों को स्पष्टता, गरिमा और संवेदनशीलता के साथ व्यक्त कर सकें।

बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में मनाया गया यह हिंदी सप्ताह एक सार्थक प्रयास रहा—जहाँ शब्दों ने विचारों को जन्म दिया, विचारों ने संवेदनाओं को स्पर्श किया और संवेदनाओं ने छात्राओं के व्यक्तित्व में अभिव्यक्ति के नए आयाम जोड़े।

कल्पना सोनी
अध्यापिका हिंदी विभाग


निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल।
बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल॥
– भारतेंदु हरिश्चंद्र

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *