कला मन की संवेदनाओं को अभिव्यक्ति देने का वह माध्यम है, जो व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ आत्मविश्वास और सामूहिकता की भावना को भी सुदृढ़ बनाता है। बिरला एजुकेशन ट्रस्ट, पिलानी द्वारा आयोजित स्किल फेस्ट 2026 इसी सृजनात्मक ऊर्जा और सीखने की भावना का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया। इस आयोजन की थिएटर वर्कशॉप में बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी की पाँच छात्राओं — अनन्या गुप्ता (कक्षा 11), अदिति (कक्षा 9), भाविका (कक्षा 9), शुभांश्री (कक्षा 8) एवं वसुंधरा (कक्षा 8) — ने उत्साह, समर्पण और रचनात्मकता के साथ सहभागिता की।
थिएटर वर्कशॉप का संचालन मंचकृति स्मृति, लखनऊ से जुड़े प्रसिद्ध थिएटर आर्टिस्ट एवं एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स होल्डर्स श्री संगम बहुगुणा और श्री विकास श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को अभिनय, संवाद अदायगी, मंच संचालन, भाव-भंगिमा तथा टीम समन्वय जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं से परिचित कराया। अपने मंचीय अनुभव और प्रेरणादायक शैली से उन्होंने विद्यार्थियों को मंच के प्रति सहज बनाते हुए आत्मविश्वास से भर दिया। बी ई टी के विभिन्न संस्थानों से आए लगभग 20 छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता ने तो पूरे वातावरण को ही उत्साह और सृजनशीलता से भर दिया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने मिलकर “गज फुट इंच” नामक एक संगीत नाटिका तैयार की। अभ्यास के प्रत्येक सत्र में बच्चों का जोश और समर्पण देखते ही बनता था। हर एक दृश्य की पुनरावृत्ति, एक-एक संवाद का निरंतर अभ्यास, सामूहिक प्रयास और सृजनात्मक ऊर्जा का परिणाम अंतिम दिवस देखने को मिला, जब विद्यार्थियों ने इस संगीतमयी नाटिका की प्रस्तुति दी, दर्शक दीर्घा से आती तालियों की गड़गड़ाहट ने विद्यार्थियों के प्रयासों को सार्थक बना दिया। वह क्षण न केवल प्रस्तुति का, बल्कि सीख और उपलब्धि का उत्सव बन गया। सोने पर सुहागा वाली बात तब हुई जब बिरला बालिका विद्यापीठ की छात्रा अनन्या गुप्ता (कक्षा 11) को उसके उत्कृष्ट अभिनय और प्रभावशाली मंचीय प्रस्तुति के लिए “बेस्ट आर्टिस्ट अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया और यह क्षण सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।
इस समूचे अनुभव के दौरान विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अचला वर्मा का निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रेरणा छात्राओं के लिए संबल बनी रही। उनके प्रोत्साहन ने विद्यार्थियों में यह विश्वास जागृत किया कि कला केवल मंचीय प्रस्तुति नहीं, बल्कि आत्म-अभिव्यक्ति और व्यक्तित्व विकास की एक सशक्त प्रक्रिया है।
इस आठ दिवसीय कार्यशाला के अंतर्गत विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका श्रीमती नंदिता साहा एवं श्रीमती कल्पना सोनी और श्रीमती निधि शर्मा हर समय छात्राओं के मार्गदर्शन हेतु साथ रहीं l स्किल फेस्ट 2026 की यह थिएटर वर्कशॉप छात्राओं के लिए केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक सीख की प्रेरणादायी यात्रा सिद्ध हुई। यह अनुभव उनके व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनकर लंबे समय तक उन्हें प्रेरित करता रहेगा।
कल्पना सोनी
शिक्षिका (हिंदी विभाग)




Leave a Reply